


मंगलौर। जनपद में अपराध और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने 260 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब 78 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 13 मई 2026 की शाम मंगलौर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 260 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान हसीन उर्फ तोता पुत्र सईद निवासी ग्राम लादपुर कला, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की सक्रिय कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर, उप निरीक्षक अशोक सिरस्वाल, अपर उप निरीक्षक अश्वनी यादव, हेड कांस्टेबल शूरबीर सिंह, मनमोहन भंडारी, राहुल नेगी, रविंद्र खत्री, मनीष, महिपाल सिंह और अजय काला शामिल रहे।
