खेल के दौरान हादसा: भाला लगने से पॉलिटेक्निक छात्र की दर्दनाक मौत

चंपावत। जिले में एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र सोमेंद्र सिंह की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब मैदान में खेल गतिविधियां चल रही थीं और अचानक एक भाला उनके गले में आ लगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साथी खिलाड़ी द्वारा फेंका गया भाला अनियंत्रित होकर सोमेंद्र सिंह को जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद साथियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।