टंकी पर चढ़े नर्सिंग बेरोजगारों का उग्र प्रदर्शन, आत्मदाह की चेतावनी से हड़कंप

देहरादून। वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़े आंदोलनकारियों ने बुधवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रखा। आंदोलन में शामिल कांग्रेस नेता ज्योति रौतेला ने भी मंच को समर्थन दिया।

टंकी पर चढ़े आंदोलनकारी विनोद, धर्मेंद्र, कविता, आनंद और ज्योति रौतेला की तबीयत लगातार बिगड़ रही है। आंदोलनकारियों ने बताया कि लंबे समय से भोजन और शौच न होने के कारण शरीर में गैस, एसिडिटी, कमजोरी और चक्कर जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। चिकित्सकों के अनुसार लंबे समय तक भोजन न करने और शारीरिक क्रियाएं बाधित होने से शरीर में कीटोसिस की स्थिति बन जाती है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

नर्सिंग बेरोजगार पिछले साढ़े पांच महीने से एकता विहार धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि वर्षवार भर्ती कर वरिष्ठता के आधार पर नियुक्तियां दी जाएं। सरकार से ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर सोमवार सुबह आंदोलनकारी परेड ग्राउंड पहुंच गए और पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्वास्थ्य मंत्री के साथ कई दौर की वार्ता के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल पाया। मंगलवार देर रात आंदोलन और उग्र हो गया, जब टंकी पर मौजूद कांग्रेस नेता ज्योति रौतेला ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि साथियों ने समय रहते उन्हें रोक लिया। घटना के बाद नीचे मौजूद सैकड़ों प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए।

आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को लेकर शासनादेश जारी नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।