

रुड़की। देश के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) एवं वीर सपूत जनरल बिपिन रावत की स्मृति में लालकुर्ती स्थित मिलिट्री अस्पताल के समीप प्रस्तावित प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की गरिमामयी उपस्थिति में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया। पूजन एवं हवन पंडित चंद्र मोहन कुलाक्षी और पंडित सकलानी ने संपन्न कराया।
इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जनरल बिपिन रावत के राष्ट्र के प्रति योगदान, अदम्य साहस, अनुशासन एवं सैन्य सेवा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बताया कि जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा आगामी 8 दिसंबर को स्थापित की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान कैंटोनमेंट के सीईओ ने सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की उपस्थिति में उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। लोगों ने अपने घर, कार्यालय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रवासियों के साथ मिठाई वितरित कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान देशभक्ति के नारे भी लगाए गए। “जब तक सूरज-चांद रहेगा, जनरल बिपिन रावत का नाम रहेगा” के नारों से माहौल गूंज उठा।
कार्यक्रम में कैंटोनमेंट बोर्ड के अध्यक्ष मनोनीत प्रदीप अग्रवाल, नगर पंचायत ढंडेरा के चेयरमैन सतीश नेगी, जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला महामंत्री अक्षय सिंह, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, पूर्व विधायक कुंवर सिंह, प्रणव चैंपियन, बबलू राणा, जितेंद्र नेगी, अतुल राणा, मनवर सिंह बिष्ट, विनोद त्यागी, बृजेश त्यागी, देवेंद्र पाल, हरेंद्र बिष्ट, सुनील नेगी, नंदा ऐरी, सरोज बड़थ्वाल, देवंती भट्ट, हीरा बिष्ट, सरोज डिमरी, रमेश जोशी, हेमंत बड़थ्वाल, विजय सिंह पवार, कुंवर सिंह डंगवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
