जीएसटी गड़बड़ी की आशंका पर पांच प्रतिष्ठानों पर छापा, 38.90 लाख टैक्स वसूला

हरिद्वार/रुड़की। जीएसटी में गड़बड़ी की आशंका के चलते राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को हरिद्वार और रुड़की में पांच प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान खरीद-बिक्री के दस्तावेजों और मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया गया। अभिलेखों और स्टॉक में अंतर मिलने पर टीम ने संबंधित दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त कर लिए। विभाग के अनुसार पांचों प्रतिष्ठानों से कुल 38.90 लाख रुपये टैक्स की वसूली की गई।

जानकारी के मुताबिक, विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने रानीपुर मोड़ स्थित बीकानेर, शिवालिक नगर स्थित बीकानेर और सेठी बेकर्स तथा रुड़की के मिल्क बार और बीकानेर प्रतिष्ठान पर पहुंचकर जांच की। टीम ने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध सामान का सत्यापन करने के साथ खरीद-बिक्री के बिलों की जांच की।

इसके बाद रिकॉर्ड में दर्ज स्टॉक, वास्तविक स्टॉक और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से संबंधित आंकड़ों का मिलान किया गया। विभाग के अनुसार जांच के दौरान कई स्तर पर विसंगतियां सामने आईं। टीम ने जीएसटी से संबंधित आवश्यक अभिलेख और डिजिटल रिकॉर्ड भी अपने कब्जे में लिए हैं।

कार्रवाई के दौरान जमा कराई पूरी राशि

उपायुक्त कुलदीप के मुताबिक, प्रारंभिक आकलन के आधार पर पांचों प्रतिष्ठानों से कुल 38.90 लाख रुपये की देनदारी निर्धारित हुई। कार्रवाई के दौरान ही संबंधित कारोबारियों ने पूरी राशि जमा करा दी।

कार्रवाई में उपायुक्त धर्मवीर सैनी, अर्शीत, नितिन, नीतीश, विनोद आर्य, कुलदीप सिंह समेत विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के अधिकारी शामिल रहे।