उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का बढ़ता प्रकोप, 17 दिन में 452 मरीज मिले

देहरादून। उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू (इंफ्लुएंजा एच1एन1) के मामलों में लगातार बढ़ोतरी से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को बीते 24 घंटे में 24 मरीजों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई। सितंबर महीने में संक्रमण के मामलों में अचानक तेजी आई है। एक सितंबर से अब तक प्रतिदिन औसतन 32 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस हिसाब से हर घंटे औसतन एक से अधिक मरीज संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं।

प्रदेश में अगस्त से अब तक कुल 557 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इनमें से दो मरीजों की मौत का कारण केवल स्वाइन फ्लू माना गया है। आंकड़ों के मुताबिक, पूरे अगस्त महीने में 105 मरीज सामने आए थे, जबकि सितंबर के शुरुआती 17 दिनों में ही 452 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। संक्रमण के बढ़ते मामलों की चेन को तोड़ना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। विभाग की ओर से कई रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है, लेकिन मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि अब तक सामने आए स्वाइन फ्लू के अधिकांश मरीज को-मॉर्बिड (अन्य बीमारियों से ग्रसित) स्थिति से जूझ रहे हैं। इनमें ऐसे मरीज भी शामिल हैं, जो पहले से किसी अन्य बीमारी का उपचार करा रहे थे और अस्पताल में भर्ती होने के बाद जांच में स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए। स्वास्थ्य विभाग इन मरीजों पर विशेष निगरानी रख रहा है। उनकी नियमित जांच के साथ ही चिकित्सकीय निगरानी भी तेज कर दी गई है।