निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली का हरिद्वार में फंदे से लटका मिला शव

हरिद्वार। देश के चर्चित निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली का शुक्रवार को भूपतवाला क्षेत्र में चाय के खोखे के अंदर फंदे से लटका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कोली पिछले कुछ समय से भूपतवाला क्षेत्र की एक झुग्गी में रह रहा था और पास में ही चाय का खोखा लगाकर गुजर-बसर कर रहा था। शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों को खोखे के अंदर कुछ संदिग्ध नजर आया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को खोखे के अंदर कोली का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने निठारी कांड से जुड़े मामले में सुरेंद्र कोली को बरी कर दिया था।