पहली बार गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय पहुंचेंगे कुलाधिपति सुरेंद्र कुमार आर्य

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं जेबीएम समूह के प्रमुख उद्योगपति सुरेंद्र कुमार आर्य 18 और 19 सितंबर को पहली बार विश्वविद्यालय के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान उनका अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही वह शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।

सुरेंद्र कुमार आर्य को 26 नवंबर 2025 को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय का कुलाधिपति नियुक्त किया गया था। नियुक्ति के बाद उनका यह पहला विश्वविद्यालय दौरा होगा। 18 सितंबर को विश्वविद्यालय आगमन पर स्वागत, यज्ञ एवं ध्वजारोहण के बाद पौधरोपण कार्यक्रम होगा। इसके बाद विश्वविद्यालय भवन में अभिनंदन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा स्वामी श्रद्धानंद व्याख्यान एवं शोध-विवेचन का आयोजन किया जाएगा। कुलाधिपति पुरातत्व संग्रहालय और केंद्रीय पुस्तकालय का भ्रमण करने के साथ यज्ञशाला में संध्या कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगे। 19 सितंबर को वह अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय का भ्रमण कर गतिविधियों से संबंधित प्रस्तुतीकरण देखेंगे और कन्या गुरुकुल परिसर, देहरादून जाएंगे। कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने दौरे को विश्वविद्यालय परिवार के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। कार्यक्रम संयोजक प्रो. प्रभात कुमार के नेतृत्व में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।