

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद कार्यक्रम स्थल पर हवन-पूजन कर शुद्धिकरण किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस ने इसका कड़ा विरोध किया है। सोमवार को कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ धारा चौकी में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर भी दी। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण किया जाना आपत्तिजनक है और इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, विकासनगर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण मंच के शुद्धिकरण के विरोध में सोमवार को शिकायत पत्र सौंपे। कांग्रेस नेताओं ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
