ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भारी मलबा गिरने से मार्ग बंद, वाहनों की लंबी कतारें

देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भल्लेगांव बागवान के पास अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानी मलबा आ गिरा, जिससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर सक्रिय हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग पर आ रहे वाहनों को तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने बंद मार्ग को खोलने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क पर जमा भारी मलबे और चट्टानों को हटाने का कार्य किया जा रहा है।

पुलिस और प्रशासन का कहना है कि मलबा हटाकर सड़क को सुरक्षित किए जाने के बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया जाएगा। यात्रियों से फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रुकने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।