उपराष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे के बीच डोईवाला में भीषण हादसा, दो की मौत

देहरादून। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से वह देहरादून के लिए रवाना हुए। अपने दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) में वर्ष 2025-27 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के परिवीक्षाधीन अधिकारियों से संवाद करेंगे।

इधर, देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर डोईवाला टोल प्लाजा के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मणिमाई मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े एक लोडिंग वाहन से इको कार जा टकराई। हादसे के समय इको वाहन में कुल सात लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का इलाज जारी है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।