डोईवाला टोल प्लाजा के पास भीषण हादसा, दो की मौत, पांच घायल

डोईवाला। देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर मणिमाई मंदिर के पास बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। डोईवाला टोल प्लाजा के निकट एक इको गाड़ी सड़क किनारे खड़े लोडिंग वाहन से टकरा गई। हादसे में इको सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, इको गाड़ी में कुल सात लोग सवार थे और वाहन देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रहा था। हर्रावाला चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ ने बताया कि इको के आगे चल रहे एक लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया। टायर निकलने के बाद लोडिंग वाहन अनियंत्रित हो गया, जिसके बाद पीछे से आ रही इको गाड़ी उससे टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि इको वाहन में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।