दूसरे के पते पर जारी कर दिया बिजली कनेक्शन, सूचना आयोग ने मांगी जांच रिपोर्ट

रुड़की। बिजली विभाग में अधिकारियों की लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रुड़की विद्युत वितरण खंड ने एक व्यक्ति के आवासीय पते पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम से बिजली कनेक्शन जारी कर दिया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब संबंधित पते पर वर्ष 2025 में बिजली कनेक्शन विच्छेदन का नोटिस भेजा गया।

पीड़ित संदीप कुमार ने राज्य सूचना आयोग में अपील दायर कर बताया कि वर्ष 2016 में उनके आवासीय पते पर एक बिजली कनेक्शन जारी किया गया था, जिसका उपयोग वर्ष 2021 तक किया गया। उन्हें इस कनेक्शन की जानकारी तब मिली, जब विभाग की ओर से कनेक्शन काटे जाने का नोटिस उनके पते पर पहुंचा।

सुनवाई के दौरान संदीप कुमार ने कहा कि बिजली कनेक्शन जारी करने से पहले संबंधित स्थल का निरीक्षण किया जाता है। ऐसे में विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि उनके पते पर स्वीकृत कनेक्शन किसी अन्य स्थान पर कैसे स्थापित कर दिया गया।

राज्य सूचना आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए इसे संभावित कदाचार की श्रेणी में रखा है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही आयोग ने संबंधित सूचना दस दिनों के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।