12 जुलाई तक प्रभावित रहेंगी 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवाएं

देहरादून। उत्तराखंड में स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जानकारी उपलब्ध कराने वाली 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की सेवाएं 12 जुलाई तक प्रभावित रहेंगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा हेल्पलाइन के तकनीकी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए आवश्यक मरम्मत एवं उन्नयन कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते कॉल रिसीव करने और सेवाएं उपलब्ध कराने में अस्थायी विलंब हो सकता है।

104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की नोडल अधिकारी डॉ. अरिता सक्सेना ने बताया कि मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है और प्रयास है कि निर्धारित समय के भीतर सभी सेवाएं पूरी तरह सुचारु कर दी जाएं।

उन्होंने बताया कि राज्यभर में स्वास्थ्य सलाह, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, शिकायत निवारण तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने वाली 104 हेल्पलाइन लाखों लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सेवा है। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद हेल्पलाइन सेवाएं पहले की तरह सामान्य रूप से संचालित होने लगेंगी।