

लक्सर।
तहसील क्षेत्र के अलावलपुर गांव के पास चकरोड एवं निकासी नाले की भूमि पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को हटवा दिया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

जानकारी के अनुसार, लक्सर तहसील के अलावलपुर गांव के समीप मुसाहिदपुर मजरे में कुछ लोगों द्वारा चकरोड और निकासी नाले की भूमि पर पॉपुलर के पेड़ लगाकर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत स्थानीय ग्रामीणों द्वारा प्रशासन से की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सौरभ असवाल ने जांच के निर्देश दिए।

जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एसडीएम ने संबंधित भूमि से अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए। आदेश के अनुपालन में बुधवार को कानूनगो रमेशचंद के नेतृत्व में लेखपाल जितेंद्र कुमार, अवनीश कुमार और गोविंद कुमार की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटवा दिया।
कानूनगो रमेशचंद ने बताया कि शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

