पृथ्वी दिवस पर अविरल गंगा शाखा का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रुड़की, 22 अप्रैल।
भारत विकास परिषद अविरल गंगा शाखा, रुड़की द्वारा पृथ्वी दिवस के अवसर पर शिवालिक पब्लिक स्कूल में “पृथ्वी बचाओ, पृथ्वी से प्यार करो” विषय पर एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर कक्षा 9वीं एवं 10वीं के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाखा की सदस्य एवं पर्यावरण संयोजक श्रीमती नीलम शर्मा ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रेरणादायक व्याख्यान देते हुए पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित आकर्षक पोस्टर बनाए। विशेष रूप से छात्रों ने हर्बल पौधों के चित्रों के साथ उनके बॉटनिकल नाम, प्रचलित नाम, उपयोगिता, रोपण का उपयुक्त समय एवं देखभाल संबंधी जानकारी प्रस्तुत की, जिससे कार्यक्रम ज्ञानवर्धक और रोचक बन गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर एवं शाखा के पूर्व अध्यक्ष श्री शिवचरण पुंडीर तथा प्रधानाचार्या एवं शाखा की उपाध्यक्ष श्रीमती उर्मिला पुंडीर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्रों को पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर नीलम मधोक एवं ममता गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय की समस्त अध्यापिकाएं भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

अंत में शाखा अध्यक्ष श्रीमती रीति वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले एवं पृथ्वी दिवस पर अपने विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को शीघ्र ही प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे।