

रुड़की में पूर्व सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री अवतार सिंह भड़ाना के बयान ने सियासी माहौल गर्म कर दिया है। उन्होंने लक्सर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल द्वारा उन्हें मौका दिया जाता है, तो वह चुनाव मैदान में उतरकर जीत हासिल करेंगे।

रुड़की पहुंचने पर भड़ाना ने कहा कि उनका उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। मां गंगा और संतों की पावन भूमि उन्हें लगातार यहां आने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता से उन्हें हमेशा स्नेह और सम्मान मिला है, जिसे वह कभी नहीं भूल सकते।

भड़ाना ने बताया कि वह लंबे समय से सामाजिक कार्यों के माध्यम से लोगों की सेवा करते आए हैं और भविष्य में अवसर मिलने पर राजनीतिक रूप से भी क्षेत्र के विकास में योगदान देना चाहते हैं। अपने अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह हरियाणा और उत्तर प्रदेश की विभिन्न विधानसभा और लोकसभा सीटों से चुनाव जीतकर जनता का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
लक्सर सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता जिस दल से उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहेगी, वह उसी पार्टी से टिकट लेकर मैदान में उतरेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि मौका मिलने पर वह क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे।
इस बयान के बाद लक्सर और आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आगामी चुनाव में उन्हें किस दल से टिकट मिलता है और उनका अगला कदम क्या होगा।

