

हरिद्वार की धर्मनगरी में एक मुस्लिम परिवार द्वारा स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाने का मामला सामने आया है। पश्चिम उत्तर प्रदेश के निवासी मोहम्मद शहजाद ने अपने परिवार सहित हिंदू धर्म को अंगीकार किया। धर्म परिवर्तन के बाद मोहम्मद शहजाद का नाम शंकर और उनकी पत्नी रजिया का नाम सावित्री रखा गया।

यह धार्मिक अनुष्ठान चंडीघाट स्थित ब्रह्मकुंड क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। पूरे परिवार ने गंगाजल से स्नान कर शुद्धि प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद यज्ञ और यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार कराया गया।

नामकरण संस्कार के तहत परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी परिवर्तित किए गए। ज्येष्ठ पुत्री का नाम रुक्मणी, कनिष्ठ पुत्री का नाम दीक्षा और पुत्र का नाम रुद्र रखा गया। परिवार ने सनातन धर्म के जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम गौरी शंकर मंदिर गौशाला परिसर में संत राम विशाल दास महाराज के सान्निध्य और अरुण कृष्ण महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। आचार्य कुलदीप विद्यार्थी और अनुज शास्त्री ने विधिवत धार्मिक प्रक्रिया संपन्न कराई।
इस अवसर पर अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद के संरक्षक बाबा हठयोगी, अध्यक्ष स्वामी प्रबोधानंद गिरी, श्रीकृष्ण सनातन सेवा ट्रस्ट के संस्थापक अरुण कृष्ण सहित कई संत और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संत समाज ने परिवार का स्वागत करते हुए उनके निर्णय की सराहना की।

