देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे: मोहंड एलिवेटेड रोड पर दोपहिया वाहनों को मिलेगी अनुमति

Dehrdadun: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि मोहंड में बनी एलिवेटेड रोड पर दोपहिया वाहनों के संचालन पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा।

हाल के दिनों में यह चर्चा थी कि एक्सप्रेसवे के कई हिस्सों में दोपहिया वाहनों का संचालन बंद किया जा सकता है। खासतौर पर मोहंड क्षेत्र की एलिवेटेड रोड को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, एनएचएआई ने साफ किया है कि इस महत्वपूर्ण कॉरिडोर पर सभी प्रकार के वाहनों को चलने की अनुमति रहेगी।

अधिकारियों के अनुसार, मोहंड में बनी 12 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड पर दोपहिया वाहन भी 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से संचालित हो सकेंगे। इसके लिए मार्ग पर आवश्यक सूचना संकेतक भी लगाए गए हैं।

बताया गया कि एक्सप्रेसवे के कुछ अन्य हिस्सों, विशेष रूप से दिल्ली क्षेत्र में, दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं सहारनपुर क्षेत्र में भी इस तरह की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा है और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने स्पष्ट किया कि मोहंड का एलिवेटेड कॉरिडोर एकमात्र मार्ग होने के कारण यहां दोपहिया वाहनों पर रोक संभव नहीं है। यदि भविष्य में एक्सप्रेसवे के अन्य हिस्सों में दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगाया भी जाता है, तब भी इस एलिवेटेड रोड पर उनका संचालन जारी रहेगा।