


रुड़की: नगर निगम के वार्ड संख्या 33 स्थित सोत मोहल्ला में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को स्थानीय लोगों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध के चलते विभागीय टीम को बिना स्मार्ट मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम विजिलेंस कर्मियों के साथ स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सोत मोहल्ला पहुंची थी। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। पार्षद हाजी फजलुर्रहमान, पार्षद संजीव राय ‘टोनी’, कांग्रेस नेता मोहम्मद मुबश्शीर और अनस अंसारी के नेतृत्व में लोगों ने विभागीय अधिकारियों का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया।

स्थानीय नागरिकों का कहना था कि यदि पूरे शहर में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना लागू की जा रही है तो इसकी शुरुआत वार्ड संख्या एक से होनी चाहिए। उनका तर्क था कि क्रमवार सभी 32 वार्डों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद ही उनके वार्ड में यह व्यवस्था लागू की जाए। इस दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।
विरोध के बीच स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब विभाग की ओर से निर्धारित योजना के अनुसार स्मार्ट मीटर हर हाल में लगाए जाने की बात कही गई। इसके बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया तथा काफी देर तक गतिरोध बना रहा। अंततः विभागीय टीम को बिना कार्य किए वापस लौटना पड़ा।
अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा ने बताया कि विभाग नियमानुसार स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों के मन में मौजूद आशंकाओं और भ्रांतियों को संवाद के माध्यम से दूर किया जाएगा। सहमति बनने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
