


Dehradun: कभी सुहावने मौसम के लिए पहचानी जाने वाली दून घाटी इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि दोपहर के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया, जिससे शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी औसत से तीन डिग्री ज्यादा 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। भीषण गर्मी का असर साफ तौर पर शहर की रफ्तार पर देखने को मिला। दोपहर के समय बाजारों में भीड़ न के बराबर रही और लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकले।

तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए लोग सिर और चेहरे को ढककर घरों से निकलते नजर आए। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी लू चलने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे गर्मी का प्रकोप और तेज होगा।
मौसम के इस बदले मिजाज ने दून घाटी की उस पहचान को चुनौती दी है, जिसके लिए यह शहर जाना जाता था। लोग अब बारिश और ठंडी हवाओं का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं ताकि इस तपिश से राहत मिल सके।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। उन्होंने लोगों को विशेष रूप से दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
