‘I Love You’ से शुरू होकर ब्लैकमेलिंग तक: बढ़ते रोमांस स्कैम पर STF की चेतावनी

Dehradun: डिजिटल दौर में जहां रिश्ते बनाना आसान हुआ है, वहीं यह ट्रेंड अब खतरनाक मोड़ भी ले रहा है। ‘आई लव यू’ से शुरू होने वाली ऑनलाइन बातचीत कब ब्लैकमेलिंग और पैसों की वसूली में बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। हाल के मामलों ने साफ कर दिया है कि रोमांस स्कैम अब एक सुनियोजित साइबर अपराध बन चुका है। इसको देखते हुए उत्तराखंड एसटीएफ ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।

साइबर अपराधियों का तरीका बेहद शातिर और योजनाबद्ध होता है। वे फर्जी पहचान बनाकर डेटिंग और मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोगों से संपर्क करते हैं। शुरुआत में मीठी बातें, देखभाल और भरोसा जीतने की कोशिश की जाती है। धीरे-धीरे बातचीत निजी होती जाती है और सामने वाला व्यक्ति भावनात्मक रूप से जुड़ जाता है।

यही वह समय होता है जब अपराधी अपने असली इरादों को अंजाम देना शुरू करते हैं। निजी फोटो, वीडियो या चैट हासिल करने के बाद वे पीड़ित पर दबाव बनाते हैं। विरोध करने पर ब्लैकमेल कर पैसे की मांग की जाती है। कई मामलों में आरोपी खुद को विदेश में रहने वाला, आर्मी अधिकारी या बिजनेसमैन बताकर भरोसा जीतते हैं।

हालिया मामलों में भी इसी पैटर्न का इस्तेमाल करते हुए महिलाओं को हनी ट्रैप में फंसाया गया और उनसे बड़ी रकम वसूली गई। यह दर्शाता है कि यह कोई आकस्मिक घटना नहीं, बल्कि एक संगठित अपराध चक्र है।

एसटीएफ ने लोगों को सलाह दी है कि ऑनलाइन मिले किसी भी व्यक्ति पर तुरंत भरोसा न करें। निजी फोटो, वीडियो या संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति भावनात्मक दबाव बनाकर कुछ मांगता है, तो इसे तुरंत खतरे का संकेत समझें और संपर्क बंद कर दें।

अगर कोई ऑनलाइन ब्लैकमेल करता है या पैसे की मांग करता है, तो तुरंत साइबर पुलिस को सूचना दें। पीड़ित या उनके परिचित 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल कर सकते हैं या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।