


देहरादून। कैंट थाना क्षेत्र के किशननगर में एक स्कूल के पीछे संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार का पुलिस ने खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, किशननगर क्षेत्र में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही थी। आरोप था कि किराये के मकान में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। मामले को लेकर क्षेत्र की पार्षद नंदिनी शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर इलाके में चल रही संदिग्ध गतिविधियों का मुद्दा उठाया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

कैंट थाना की टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि मौके से दो आरोपियों आशीष पांडे और जंग बहादुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल छापा मारकर कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब छह महीने पहले आरोपियों ने किराये पर मकान लिया था और वहीं से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
