


रुड़की। उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के बाद हरिद्वार जिले से एक महत्वपूर्ण मामला सामने आया है। रुड़की क्षेत्र में देश का पहला ऐसा मामला दर्ज किया गया है, जिसमें पुलिस ने कथित हलाला प्रकरण को अपराध की श्रेणी में शामिल करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के साथ चार्जशीट भी अदालत में दाखिल कर दी है।
मामला मुजाहिदपुर बंदरजूड गांव का है, जहां बुग्गावाला थाना क्षेत्र में दर्ज दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हलाला से जुड़े आरोपों को भी गंभीरता से लिया।

पीड़िता ने अपने पति दानिश पर जबरन हलाला कराने, मारपीट करने और घर से निकालने के आरोप लगाए थे। पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि यह देश का पहला मामला है, जिसमें हलाला को अपराध मानते हुए यूसीसी के तहत चार्जशीट में शामिल किया गया है। इस कार्रवाई को लेकर कानूनी और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच पूरी कर संबंधित धाराओं में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है और आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
