
हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में 4.2 फ्लाईओवर के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के कारण हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। दुर्घटना में शामिल सभी लोग उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हादसे में मृतक
- अहान (18) पुत्र शराफत, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
- फहीम (35) पुत्र अमानत (अन्य विवरण प्रतीक्षित)
- एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी
घायल
- सोहने लाल (25) पुत्र राम रईस, निवासी ग्राम रीठ मानसिंह, हरदोई
- शराफत (42) पुत्र सरमद, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
- शबाना (35) पत्नी शराफत, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
- अनु (18) पुत्र मेहंदी हसन, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
- समीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन, निवासी बिजनौर
हादसे में मृतक अहान के माता-पिता शराफत और शबाना भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
