नैनीताल कलेक्ट्रेट पार्किंग में कार से अधिवक्ता का शव बरामद, आत्महत्या की आशंका

नैनीताल शहर के कलेक्ट्रेट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक कार के अंदर अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिवक्ता द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पार्किंग में खड़ी थी। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों का ध्यान वाहन की ओर गया। पास जाकर देखने पर कार के अंदर अधिवक्ता को गंभीर अवस्था में पाया गया, जिनके सिर पर गोली लग चुकी थी। पार्किंग संचालक ने तुरंत इसकी सूचना अधिवक्ताओं और पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार के शीशे से झांककर देखा तो अंदर अधिवक्ता का शव पड़ा मिला। घटनास्थल से मृतक के हाथ में पिस्टल बरामद हुई, जबकि कार के आगे डैशबोर्ड में एक सुसाइड नोट भी मिला है।

बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में अधिवक्ता ने अपनी बीमारी से परेशान होने का जिक्र किया है और लिखा है कि वह अब जीवन का भार नहीं उठा पा रहे हैं। साथ ही नोट में कुमाऊँ आयुक्त, जिलाधिकारी (डीएम), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से उनकी पत्नी का ख्याल रखने की अपील भी की गई है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से सुसाइड नोट की पूरी सामग्री सार्वजनिक नहीं की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है।

एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सुसाइड नोट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।