बरात में हुआ मामूली विवाद गांव लौटते ही बना खूनी संघर्ष, पथराव से फैली दहशत

Roorkee: कोतवाली क्षेत्र के गांव टांडा भनेड़ा से पिरान कलियर गई एक बरात में शुरू हुआ मामूली विवाद गांव लौटने के बाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को टांडा भनेड़ा गांव से एक बरात पिरान कलियर गई थी। शादी की रस्मों के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गई। हालांकि उस समय मौजूद लोगों और जिम्मेदार व्यक्तियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।

लेकिन गांव लौटने के बाद पुराना विवाद फिर उभर आया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के बाद मामला पथराव में बदल गया। सड़क पर ईंट-पत्थर चलने से अफरातफरी मच गई और ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर उपद्रवी फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।

वहीं, मंगलौर के मोहल्ला मलकपुरा में भी कहासुनी के बाद पथराव की घटना सामने आई, जिसमें इरफान और साजिद घायल हो गए।

इंस्पेक्टर भगवान सिंह मेहर ने बताया कि मामले में अरसलान निवासी भनेड़ा और नदीम निवासी टांडा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।