मसूरी नगर पालिका और प्रशासन को बम विस्फोट की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

मसूरी। मसूरी नगर पालिका परिषद और प्रशासन को ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी भरे ई-मेल में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यालय सहित देहरादून और दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर विस्फोट करने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त ई-मेल में मसूरी नगर पालिका कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे बम विस्फोट करने का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा देहरादून और दिल्ली के विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। मेल में धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हमले का भी जिक्र किया गया है।

जानकारी के अनुसार यह ई-मेल मसूरी नगर पालिका परिषद और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पतों पर प्राप्त हुआ। धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ई-मेल की सत्यता की जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने धमकी भरा ई-मेल मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें भी इस प्रकार का मेल प्राप्त हुआ है। वहीं शहर कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि धमकी संबंधी सूचना एसडीएम कार्यालय से प्राप्त हुई है और सभी महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।