

बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बनाए जा रहे 45 बेड के आधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चार मंजिला अस्पताल भवन तैयार किया जा रहा है, जिसे सब जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। अस्पताल में एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। चिकित्सा उपकरणों की स्थापना का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्यदायी संस्था को आगामी 31 अगस्त तक अस्पताल भवन का निर्माण हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मरीजों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए भवन में लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है। आधुनिक चिकित्सा उपकरण अस्पताल पहुंच चुके हैं और उनके इंस्टॉलेशन का काम जारी है।
अक्तूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बदरीनाथ धाम पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित होने की चर्चा के बीच अस्पताल को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हालांकि जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के बदरीनाथ दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सीएमओ डॉ. राजीव पाल ने बताया कि संभावित दौरे को देखते हुए अस्पताल भवन और आधुनिक मशीनों की स्थापना का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही अस्पताल का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
चारधाम यात्रा के दौरान हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचते हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र होने के कारण कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी, ऑक्सीजन की कमी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए निचले क्षेत्रों में रेफर करना पड़ता था। आधुनिक अस्पताल शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं को बदरीनाथ धाम में ही त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
