ए टू जेड ऑटोमोबाइल्स को मिला उत्तराखंड अचीवर्स सम्मान, उत्कृष्ट सेवाओं का हुआ सम्मान

रुड़की। रुड़की की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी ए टू जेड ऑटोमोबाइल्स (डम-डम इंजीनियरिंग वर्क्स) को उत्कृष्ट सेवाओं, ग्राहक संतुष्टि और व्यावसायिक उपलब्धियों के लिए उत्तराखंड अचीवर्स सम्मान से सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंपनी के चेयरपर्सन धीर सिंह को यह सम्मान प्रदान किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद धीर सिंह ने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी ए टू जेड ऑटोमोबाइल्स टीम की मेहनत, समर्पण और ग्राहकों के अटूट विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों का भरोसा ही कंपनी की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसने पिछले चार दशकों से निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

धीर सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु स्वर्गीय इंजीनियर राजेश गर्ग को देते हुए कहा कि एक साधारण ग्रामीण युवक को पहचान दिलाने और आगे बढ़ाने में उनके गुरु का सबसे बड़ा योगदान रहा। उन्होंने बताया कि ग्राहकों के विश्वास और सहयोग की बदौलत कंपनी ने 40 वर्षों का सफल सफर पूरा किया है और आज रुड़की ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड में अपनी अलग पहचान स्थापित की है।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सेवाएं, पारदर्शिता और भरोसेमंद कार्यशैली कंपनी की सबसे बड़ी पहचान रही है। यही वजह है कि ए टू जेड ऑटोमोबाइल्स ने ग्राहकों के बीच मजबूत विश्वास कायम करते हुए प्रदेश में अपना विशेष स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा ग्राहकों की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने की प्रेरणा देता है।

धीर सिंह ने कंपनी के सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और समर्पण के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने विश्वास जताया कि ए टू जेड ऑटोमोबाइल्स आधुनिक तकनीक, उत्कृष्ट सेवाओं और ग्राहक-केंद्रित कार्यशैली के माध्यम से भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करती रहेगी।

कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखंड के महानिदेशक बंशीधर तिवारी, अभिषेक चंद्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मान मिलने पर कंपनी के कर्मचारियों, सहयोगियों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल रहा। सभी ने इसे वर्षों की मेहनत, ईमानदारी और उत्कृष्ट सेवा का सम्मान बताया।