
हरिद्वार। जिले के होनहार निशानेबाज अभिनव देशवाल ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरिद्वार और देश का नाम रोशन किया है। वर्तमान में 18 वर्षीय अभिनव का निवास ऑर्किड ग्रीन, ओम विहार कॉलोनी, दिल्ली रोड, रुड़की में है, जबकि उनका स्थायी निवास गांव गदरजुड़ा, पोस्ट मंगलौर, जिला हरिद्वार है।
हाल ही में जर्मनी के सुहल में 16 से 26 जून तक आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में अभिनव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल टीम इवेंट में रजत पदक अपने नाम किया। इससे पहले अप्रैल 2026 में मिस्र के काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर शूटिंग वर्ल्ड कप में उन्होंने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता था। वहीं, फरवरी 2026 में नई दिल्ली में आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में स्वर्ण और कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अभिनव का रिकॉर्ड इससे पहले भी शानदार रहा है। वर्ष 2025 में आयोजित टोक्यो डेफ्लिम्पिक्स में उन्होंने दो स्वर्ण और एक रजत सहित तीन पदक जीते थे। वर्ष 2024 में जर्मनी में आयोजित डेफ वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने एक स्वर्ण और चार रजत सहित पांच पदक अपने नाम किए। वहीं, वर्ष 2022 के ब्राजील डेफ्लिम्पिक्स में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।
अब तक विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अभिनव देशवाल कुल 40 पदक जीत चुके हैं। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिवार, कोच और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आने वाले वर्षों में भी देश के लिए इसी तरह पदक जीतते रहेंगे।
