


हरिद्वार। युवा कांग्रेस हरिद्वार के महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी और जिला उपाध्यक्ष ग्रामीण गौरव चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने देवपुरा चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नीट पेपर लीक मामले और डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी की बर्खास्तगी की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में पेपर लीक से लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।

कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर और सोम त्यागी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और शिक्षा माफिया को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। नेताओं ने कहा कि पेपर लीक प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में तय समय सीमा के भीतर कराई जानी चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि केंद्र सरकार नीट परीक्षा में शामिल छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान करे और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को समाप्त कर किसी केंद्रीय सरकारी संस्था से परीक्षाएं कराई जाएं।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
