बैंक कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, 25-26 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान

हरिद्वार। अखिल भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय-5, भेल सेक्टर-1 हरिद्वार के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने 25 और 26 मई 2026 को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया।

संघ के क्षेत्रीय सचिव जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में विभिन्न शाखाओं से पहुंचे कर्मचारियों ने अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर नारेबाजी की। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में संदेश वाहकों और बैंक गार्डों की नियुक्ति, एनपीएस कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर चुनने का विकल्प, पेंशन विसंगतियों का समाधान, आउटसोर्सिंग पर रोक और 2009 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए इंटर सर्किल ट्रांसफर दोबारा शुरू करना शामिल है।

इसके अलावा कर्मचारियों ने करियर प्रोग्रेशन स्कीम की समीक्षा, गलत तरीके से उत्पाद बेचने की प्रक्रिया पर रोक और बैंक बोर्ड में कर्मचारी निदेशक की नियुक्ति की भी मांग उठाई।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। आगामी दिनों में सोशल मीडिया अभियान और कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा, जिसके बाद 25 और 26 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान संगठन सचिव रीना कटियार, अभिषेक वालिया, मीनू सैनी, प्रतिमा, नीता सिंह, नीता गौतम और कविंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।