

हल्द्वानी। बनभूलपुरा स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान भूत-प्रेत की अफवाह फैलने से छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। कक्षा 10वीं और 11वीं की एक-दो छात्राओं को अचानक चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत हुई। इसी दौरान एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने से आसपास बैठी छात्राएं घबरा गईं और डर के कारण रोने लगीं।
देखते ही देखते कॉलेज में भूत-प्रेत की बाधा की अफवाह फैल गई। परीक्षा दे रही अन्य छात्राओं में भी दहशत का माहौल बन गया और कक्षाओं में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर स्कूल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को शांत कराया और स्थिति को सामान्य किया।
स्कूल प्रवक्ता नीलम ने बताया कि कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई थी। भूत-प्रेत की बात महज अफवाह है। स्थिति सामान्य होने के बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई।
