वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर बरसे महेंद्र भट्ट, बोले- राष्ट्रगीत का अपमान देश का अपमान

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर वंदे मातरम समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि क्रांतिकारियों के बलिदान और स्वतंत्रता आंदोलन की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस कार्यसमिति के प्रस्ताव की निंदा करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत को किसी भी दबाव में झुकने नहीं दिया जाएगा।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का वर्ष 1937 का प्रस्ताव देश के बंटवारे को बढ़ावा देने वाला था। कांग्रेस ऐतिहासिक गलतियों को दोहरा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहम्मद अली जिन्ना ने जिस तरह वंदे मातरम का बहिष्कार किया था, कांग्रेस भी उसी राह पर चल रही है। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रति लेकर घूमने वाली कांग्रेस वर्ग विशेष के तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।

भट्ट ने कहा कि महात्मा गांधी ने वंदे मातरम को धर्म से ऊपर बताया था। कांग्रेस ने गांधी के नाम पर वोट तो लिए, लेकिन उनकी विचारधारा को आगे नहीं बढ़ाया। उन्होंने कहा कि 24 जनवरी 1950 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को बराबर दर्जा दिया था, लेकिन पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं किया।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को पहली बार लाल किले से राष्ट्रगीत को खोया हुआ सम्मान मिला। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी सबसे पहला प्रस्ताव राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर आया। राष्ट्रगीत को किसी भी दबाव में झुकने नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस या किसी भी राजनीतिक दल का प्रस्ताव देश की संसद से ऊपर नहीं हो सकता।

जन-जन तक पहुंचाएंगे वंदे मातरम

भट्ट ने कहा कि भाजपा वंदे मातरम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जन जागरण अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को बताया जाएगा कि जिस राष्ट्रगीत ने पूरे स्वतंत्रता आंदोलन को ऊर्जा दी, उसका कांग्रेस द्वारा असम्मान किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से भी अपील की कि वह अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आजादी के इस गीत को गाने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने बताया कि सोमवार से ही जन जागरण अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत का अपमान देश का अपमान है और देश को एक रखने में राष्ट्रगीत की महत्वपूर्ण भूमिका है।