

हरिद्वार: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में व्यापक स्तर पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, नेतृत्व, कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उनके विचारों और आकांक्षाओं को एक मंच प्रदान करना है।
इसी क्रम में जनपद हरिद्वार में शिक्षण संस्थान—चमन लाल महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं के साथ युवा कनेक्ट एवं युवा संवाद आयोजित किए जाएंगे तथा उन्हें देश के खेल क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण विकास एवं खेल अवसंरचना में आए बदलावों से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी वर्चुअल माध्यम से देशभर के विभिन्न स्थानों पर उपस्थित लाखों युवाओं को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर MY Bharat Volunteers एवं स्थानीय खिलाड़ियों के बीच संवाद आयोजित किया जाएगा। युवा खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, युवा नेतृत्व एवं विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
युवाओं के सुझाव QR Code के माध्यम से भी प्राप्त किए जाएंगे तथा प्रतिभागियों को VBYLD Quiz Round में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यह पहल युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विकसित, सशक्त एवं खेलोन्मुख भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
