केदारनाथ धाम के कपाट खुले, गूंजा “हर-हर महादेव” का जयघोष

उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे और दिव्य क्षण के साक्षी बने।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी के साथ धाम पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। परंपरा के अनुसार, पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की—स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण, सेवा और सहयोग की भावना रखना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और यात्रा नियमों का पालन करना।

मंदिर को लगभग 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसकी सुंदरता ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कपाट खुलने के अवसर पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे माहौल और भी भक्तिमय हो गया।

इससे पहले, बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे केदारनाथ धाम पहुंची। ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना हुई यह डोली 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप होते हुए केदारपुरी पहुंची। धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया।

डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस व आईटीबीपी के जवान तैनात रहे।

कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। देश-विदेश से आए श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन नजर आए।