

देहरादून:
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने डेबिट कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। झाझरा चौकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से आरोपियों को दबोचा और उनके कब्जे से 66 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की।

पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेलाकुई की ओर से एक सफेद कार में सवार कुछ लोग डेबिट कार्ड बदलकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार (UP 14 FH 7340) को रोक लिया।

गाड़ी की तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों के कुल 66 एटीएम कार्ड बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इमरान अली (गाजियाबाद), नसीरुद्दीन (दिल्ली) और मोहम्मद खालिद (गाजियाबाद) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथों पर जाकर बुजुर्ग और अनजान लोगों को निशाना बनाते थे। मदद के बहाने उनका कार्ड बदल लेते और पिन की जानकारी हासिल कर खातों से पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बरामद सामान को सील कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने किन-किन क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है और उनके नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं।

