

रुड़की। शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के मामले में पुलिस की तीन बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने करीब तीन घंटे तक जंगल में कांबिंग करने के बाद दोनों फरार आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपित हत्या की वारदात में शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
ढंडेरा निवासी 22 वर्षीय अमन ढंडेरा में ही शराब की कैंटीन चलाते थे। पुलिस के अनुसार अमन का डिफेंस कालोनी निवासी सौरभ ताजपुरिया की शादीशुदा बहन से मेलजोल था। इसी बात को लेकर अमन और सौरभ के बीच काफी समय से रंजिश चल रही थी। शुक्रवार देर रात कैंटीन में भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।
इसी बीच पुलिस को बाइक सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे। पुलिस ने करीब 500 मीटर तक पीछा करने के बाद सरिता विहार कालोनी में ट्यूबवेल के पास उन्हें घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
घायल बदमाश से पूछताछ में उसकी पहचान सौरभ ताजपुरिया निवासी डिफेंस कालोनी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। वहीं, दूसरी पुलिस टीम ने फरार बदमाशों की तलाश में जंगल में कांबिंग शुरू कर दी।
करीब तीन घंटे की कांबिंग के बाद पुलिस ने दीप यादव निवासी लंढौरा और अर्पित सैनी निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने शुक्रवार रात होटल में शराब पीने के दौरान अमन की हत्या की योजना बनाने की बात कबूल की है।
पुलिस के मुताबिक अमन और सौरभ की बहन के बीच मेलजोल को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपितों ने अमन की हत्या की। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की भी तलाश कर रही है।
