मंगलौर की अतिका हुसैन ने 94% अंक लाकर बढ़ाया मान, गांव में जश्न का माहौल

मंगलौर। मंगलौर क्षेत्र के भगवानपुर चंदनपुर गांव की होनहार छात्रा अतिका हुसैन ने उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने गांव, परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है।

शनिवार को जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, अतिका के घर और पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने वालों का तांता लग गया। अतिका ने लंढोरा स्थित मून किंगडम पब्लिक इंटर कॉलेज से यह परीक्षा उत्तीर्ण की है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय का स्टाफ उसके घर पहुंचा और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय की प्रिंसिपल रेखा गिरी ने बताया कि अतिका शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा रही है। उन्होंने कहा कि उसकी यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है और विद्यालय को उस पर गर्व है।

ग्राम प्रधान नौशाद अली ने भी अतिका की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उसने पूरे गांव का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की ओर से अतिका को सम्मानित किया जाएगा और उसकी आगे की पढ़ाई में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

अतिका के परिजनों ने बताया कि बेटी ने लगातार मेहनत और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है। गांववासियों ने भी उसे आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।