


रुड़की। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम में ज्ञानदीप पब्लिक इंटर कॉलेज के हाईस्कूल छात्र-छात्राओं ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ है।
विद्यालय प्रबंधक वासुदेव पंत एवं प्रधानाचार्या रेखा पंत ने सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान खिलाकर और पुष्पमाला पहनाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षकों ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

परीक्षा परिणाम में यशिका ने 81 प्रतिशत तथा आरती ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। यशिका ने अंग्रेजी में 97 और विज्ञान में 88 अंक प्राप्त किए। मंतशा ने अंग्रेजी में 88 अंक, दृष्टि ने 89 अंक और आरवी ने 87 अंक अर्जित किए। वहीं आरती ने हिंदी में 86 तथा अंग्रेजी में 87 अंक प्राप्त किए। मल्लिका ने गृह विज्ञान में 93 और निधि ने अंग्रेजी में 88 अंक हासिल किए।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में अनन्या, आरवी, मंतशा, आयुषी, आरती, दृष्टि, आर्यन सैनी, निधि, जिया, अदिति, एकता, खुशी, सदफ सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे। इसके अतिरिक्त शौर्य रावत, यश, अजरा, आराध्या, आयशा और आरुष आदि विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम भी सराहनीय रहा।
प्रबंधक वासुदेव पंत ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों और शिक्षकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। वहीं प्रधानाचार्या रेखा पंत ने जानकारी दी कि विद्यालय को इंटरमीडिएट की मान्यता मिल चुकी है और कक्षा 11 की पढ़ाई शुरू हो गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विद्यालय का परिणाम उत्कृष्ट बना रहेगा।
