सातूं-आठूं (गमरा-महेश) लोकपर्व श्रद्धा, आस्था एवं उल्लास के साथ संपन्न

रुड़की, 23 अगस्त 2026। कुमाऊँ की समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक सातूं-आठूं (गमरा-महेश) लोकपर्व का आयोजन रविवार को महादेव पांडेय के निवास, शिवाजी कॉलोनी में हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।

विगत 16 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को इस वर्ष भी परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ आगे बढ़ाया।पंचमी के दिन बिरुड़े भिगोने की पारंपरिक रस्म के साथ पर्व का शुभारंभ हुआ।

सातूं एवं आठूं के अवसर पर माँ गमरा (गौरा) एवं महेश्वर (भगवान शिव) की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। माँ गमरा का सुंदर श्रृंगार कर उन्हें बेटी तथा महेश्वर को दामाद के रूप में मानते हुए पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की रस्में संपन्न की गईं।

इस दौरान मंगल गीतों एवं लोकगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय और आनंदमय बना रहा।

रविवार शाम आयोजित मिलन समारोह में श्रद्धालुओं ने माँ गमरा एवं महेश्वर की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ गमरा-महेश की प्रतिमाओं का विसर्जन जोशी मंदिर अशोक नगर में किया गया।

इस अवसर पर नगर पंचायत ढंडेरा के चेयरमैन सतीश नेगी ने कहा कि सातूं-आठूं केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि कुमाऊँ की गौरवशाली लोक-संस्कृति, परंपरा, प्रकृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने महादेव पांडेय के परिवार को लगातार 16 वर्षों से इस लोकपरंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। महादेव पांडेय के परिवार द्वारा पिछले 16 वर्षों से इस आयोजन को पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ आयोजित किया जा रहा है। परिवार के सभी सदस्य कई दिनों तक माँ गमरा की सेवा, पूजा-अर्चना एवं पारंपरिक कार्यक्रमों में पूरे उत्साह के साथ सहभागी बनते हैं।

कार्यक्रम में महादेव पांडे, हरीश पांडे, रोशन पांडे, राजेंद्र सिंह रावत, कुंवर सिंह चौधरी, रमेश चंद्र जोशी, सभासद विजय सिंह पवार, बहादुर बोरा, राजेंद्र सिंह रावत चिन्हित उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी , रमेश सौन, शिवाजी कॉलोनी अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट, तुलसी देवी, नंदा ऐरी, जानकी पांडे, दीपा त्रिपाठी, गोविंद जोशी, पार्वती रावत, शिव सिंह रावत, सत्येंद्र सिंह रावत, पंडित धर्मगुरु हरीश डिमरी , हुकम सिंह बिष्ट, ललित बड़थ्वाल ,रामलाल काला, तिलक चंद्र पांडे, सहित क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।अंत में सभी ने माँ गमरा एवं महेश्वर से परिवार, समाज और क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि, प्रेम एवं भाईचारा बनाए रखने की प्रार्थना की।