प्रदेश में बारिश से गर्मी से राहत, अब बढ़ेगा तापमान

देहरादून: प्रदेशभर में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए कई जिलों में झमाझम बारिश कराई, जिससे पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी और इस सप्ताह मैदानी इलाकों में गर्मी फिर अपने तेवर दिखा सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक-दो दिनों में सामान्य तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद आने वाले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक रहने की संभावना जताई गई है।

बीते दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का असर मैदानी क्षेत्रों के तापमान पर साफ देखने को मिला। देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में इससे भी अधिक गिरावट देखी गई।

सोमवार को भी पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।