गर्मियों की छुट्टियों में रेलवे का खास तोहफा, ऋषिकेश से चलेंगी भारत गौरव पर्यटक ट्रेनें

देहरादून: गर्मियों की छुट्टियों में धार्मिक यात्रा की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने खास सुविधा शुरू की है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) की ओर से योगनगरी ऋषिकेश से भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के जरिए यात्री सात ज्योतिर्लिंगों और दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कर सकेंगे। हरिद्वार समेत कई प्रमुख स्टेशनों से यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे।

आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि पहली पर्यटक ट्रेन 12 जून को योगनगरी ऋषिकेश से रवाना होगी। 11 रात और 12 दिन के इस पैकेज में स्लीपर क्लास का किराया 24,100 रुपये, थर्ड एसी का 40,890 रुपये और सेकेंड एसी का 54,390 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।

इस यात्रा पैकेज में रेल यात्रा, नाश्ता, दोपहर और रात्रि का शाकाहारी भोजन, एसी और नॉन एसी होटल में ठहरने की सुविधा तथा एसी-नॉन एसी बसों से तीर्थ स्थलों का भ्रमण शामिल रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालु उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नासिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी, कालाराम मंदिर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग और संभाजीनगर स्थित घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।

वहीं दूसरी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 29 जून से 10 जुलाई तक संचालित की जाएगी। यह ट्रेन श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथ स्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी के स्थानीय दर्शनीय स्थल और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (मरकापुर) के दर्शन कराएगी।

दूसरे पैकेज में स्लीपर क्लास का किराया 24,350 रुपये, थर्ड एसी का 41,800 रुपये और सेकेंड एसी का 55,750 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है।

यात्री योगनगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर रेलवे स्टेशन से यात्रा शुरू कर सकेंगे।