


देहरादून: राजस्थान में नीट यूजी-2026 परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने देहरादून से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के झुंझुनू निवासी राजेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कई दिनों से देहरादून में छिपकर रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान एसओजी को जांच के दौरान इनपुट मिला था कि पेपर लीक मामले में वांछित आरोपी देहरादून में मौजूद है। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने देहरादून पुलिस से संपर्क कर आरोपी से जुड़ी जानकारी साझा की। राजस्थान पुलिस के इनपुट के आधार पर देहरादून पुलिस ने डालनवाला थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी युवक को थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद इसकी सूचना राजस्थान पुलिस को दी गई। रविवार को देहरादून पहुंची राजस्थान एसओजी टीम ने आरोपी राजेश को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर अपने साथ राजस्थान ले गई।
देहरादून से हुई इस गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। बताया जा रहा है कि राजस्थान में नीट पेपर लीक मामले की जांच कर रही टीम अब तक झुंझुनू से 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आया है कि सीकर में मिले एक गेस पेपर के सौ से अधिक प्रश्न इस बार की नीट परीक्षा में पूछे गए थे।
हालांकि, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शुरुआती स्तर पर पेपर लीक की बात से इनकार किया है। फिलहाल मामले की जांच राजस्थान एटीएस और एसओजी की संयुक्त टीम कर रही है।
