

ऋषिकेश/रायवाला। हरिद्वार के काली मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से शनिवार को हरिद्वार-देहरादून और ऋषिकेश रेल मार्ग पर करीब ढाई घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। घटना के कारण हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून के बीच ट्रेनों का संचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। रेलवे कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब चार बजे ट्रैक से पेड़ हटाया, जिसके बाद रेल संचालन सामान्य हो सका।
रेल सेवाएं प्रभावित होने से रायवाला रेलवे जंक्शन पर यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेनों के विलंब की जानकारी मिलने पर कई यात्रियों ने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बस और अन्य निजी साधनों का सहारा लिया। रायवाला रेलवे स्टेशन मास्टर मनोज तोमर ने बताया कि ट्रैक पर पेड़ गिरने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से रेल संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
इस दौरान ऋषिकेश-श्रीगंगानगर योगा एक्सप्रेस, देहरादून-मुरादाबाद सूबेदारगंज लिंक एक्सप्रेस, चंदौसी-ऋषिकेश पैसेंजर, हरिद्वार-ऋषिकेश श्रीगंगानगर एक्सप्रेस, लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस, नैनी जनशताब्दी एक्सप्रेस, राप्ती गंगा एक्सप्रेस, देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस तथा हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
उधर, रेल यातायात ठप रहने के कारण रायवाला रेलवे फाटक करीब तीन घंटे तक बंद नहीं हुआ। इससे प्रतीतनगर, रायवाला और गोहरी माफी के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिली और वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के जारी रही। रेलवे प्रशासन ने ट्रैक से पेड़ हटाने के बाद सुरक्षा जांच पूरी कर रेल संचालन बहाल कर दिया।
