मसूरी में महिला ने फंदा लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

मसूरी मसूरी के लाइब्रेरी–किंग्रेग मार्ग स्थित हुसैनगंज क्षेत्र में एक महिला ने घर के भीतर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। देर रात फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मृतका के पति होमगार्ड में तैनात हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनकी शादी को अभी सात वर्ष पूरे नहीं हुए हैं। ऐसे मामलों में नियमानुसार प्रशासन की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई कराई जाएगी। पुलिस के अनुसार महिला ने अपनी चुनरी से पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या की।

घटनास्थल की तलाशी के दौरान फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। साथ ही परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।