

देहरादून। उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल की रहने वाली 30 वर्षीय सरकारी स्कूल की प्रवक्ता सृष्टि कंडारी की 29 जुलाई को डोईवाला क्षेत्र के हर्रावाला स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सृष्टि की शादी नवंबर 2025 में सरकारी कर्मचारी सौरभ खत्री से हुई थी। मौत से कुछ समय पहले सृष्टि ने अपनी मां को एक भावुक वीडियो भेजा, जिसमें उन्होंने ससुराल पक्ष पर लगातार मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। मामले में सृष्टि की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, 29 जुलाई की सुबह करीब सात बजे सृष्टि ने अपनी मां को 56 सेकंड का एक वीडियो भेजा। वीडियो में वह भावुक होकर अपनी मां से माफी मांगती हुई दिखाई देती हैं और आरोप लगाती हैं कि ससुराल वाले उन्हें बार-बार “मनहूस” कहकर अपमानित करते थे। सृष्टि के भाई ऋतांशु कंडारी ने बताया कि उनकी मां ने करीब 7:20 बजे वीडियो देखा और तुरंत सृष्टि, उसके पति, सास तथा अन्य परिजनों को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।
करीब एक घंटे बाद परिवार को फोन कर देहरादून के एक अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया। रास्ते में ही उन्हें सृष्टि की मौत की सूचना मिली। परिवार का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने बाद में बताया कि सृष्टि को सुबह लगभग 8:15 बजे ही मृत घोषित कर दिया गया था, लेकिन इसकी जानकारी समय रहते उन्हें नहीं दी गई।
परिजनों ने घटना की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए हैं। ऋतांशु कंडारी के मुताबिक, 28 जुलाई की रात सृष्टि ने अपनी मां से बात कर अगले दिन मायके आने की बात कही थी। उन्होंने दावा किया कि घटना वाले दिन सृष्टि नहा-धोकर मायके जाने की तैयारी भी कर चुकी थी। ऐसे में परिवार का सवाल है कि जो बेटी घर लौटने की तैयारी कर रही थी, वह अचानक ऐसा कदम कैसे उठा सकती है।
परिवार का आरोप है कि शादी के करीब दो महीने बाद ही सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। भाई का कहना है कि ससुराल वाले अक्सर कहते थे कि सृष्टि उनके “स्टैंडर्ड” की नहीं है और शादी उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं हुई। सृष्टि की मां सीमा कंडारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में दहेज को लेकर प्रताड़ना के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
