पुलिस विभाग में बड़े फेरबदल की तैयारी, कई जिलों के कप्तान बदलेंगे

देहरादून। शासन ने पुलिस विभाग में बड़े फेरबदल की तैयारी पूरी कर ली है। इस सप्ताह कई जिलों के पुलिस कप्तान और एएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी होने की संभावना है। तबादला सूची में मैदानी और पर्वतीय दोनों जिलों के अधिकारी शामिल होंगे। दोनों परिक्षेत्रों में कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को भी इधर से उधर किया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि शासन स्तर पर तबादलों को लेकर मंथन पूरा हो चुका है। पुलिस मुख्यालय से मिले प्रस्तावों पर विचार करने के बाद पहली सूची भी तैयार कर ली गई है। सूत्रों के अनुसार, सूची 15 सितंबर से पहले जारी की जा सकती है। इसमें विभिन्न जिलों में एसपी सिटी, एसपी देहात और एसपी ट्रैफिक का जिम्मा संभाल रहे एएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले भी शामिल होंगे।

देहरादून में व्यापक असर की संभावना

राजधानी देहरादून में इस तबादला सूची का व्यापक असर देखने को मिल सकता है। एसपी देहात (विकासनगर) का पद एएसपी पंकज गैरोला के सेवानिवृत्त होने के बाद से खाली है। वहीं, एसपी ट्रैफिक एवं क्राइम की जिम्मेदारी संभाल रहे जितेंद्र चौधरी को हाल ही में एडीसी गवर्नर बनाया गया है। इसके चलते यह पद भी रिक्त चल रहा है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार का भी तबादला तय माना जा रहा है। वह देहरादून में तीन साल से अधिक का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भी पुलिस अधिकारियों के तबादलों की सूची तैयार की गई है।

30 माह से अधिक तैनाती वालों पर नजर

विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत ऐसे पुलिस अधिकारियों का तबादला किया जा सकता है, जो पिछले चार वर्षों में किसी एक जिले में 30 माह से अधिक समय तक तैनात रहे हैं। इस दायरे में कई जिलों के अधिकारी आ रहे हैं। इसके साथ ही कुछ जिलों के पुलिस कप्तानों को भी बदले जाने की तैयारी है। इनमें मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों के जिले शामिल हैं।