

हल्द्वानी। कैंची धाम जा रहे दो युवकों की बाइक सिडकुल चौक के पास अचानक सड़क पर आए गोवंश से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे 19 वर्षीय विक्की खरवाल की मौत हो गई, जबकि उसका 22 वर्षीय मौसेरा भाई राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बलिया निवासी विक्की खरवाल दिल्ली में रहकर पेंट का काम करता था। वह अपने मौसेरे भाई राहुल के साथ कैंची धाम जाने के लिए 12 सितंबर को दिल्ली से बाइक से निकला था। बताया गया कि शुरुआत में बाइक विक्की का दोस्त चला रहा था, लेकिन बाद में विक्की ने बाइक की कमान संभाल ली।
13 सितंबर को सिडकुल चौक के पास अचानक सड़क पर आए गोवंश से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में विक्की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया।
परिजनों के मुताबिक विक्की के पिता बृजेश का दो-तीन वर्ष पहले निधन हो चुका था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
